पड़ोसी बांग्लादेश में कपड़ा मजदूरों के उग्र विरोध-प्रदर्शन को लेकर भारत काफी सतर्कता बरत रहा है. भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को नियमित प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा कि बांग्लादेश के घटनाक्रमों को लेकर कहा कि वे लगातार नजर बनाए हुए हैं. गौरतलब है कि बांग्लादेश में कपड़ा उद्योग के श्रमिकों की तरफ से वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर लगातार हिंसक प्रदर्शन किए जा रहे हैं. वाहनों में तोड़फोड़ और प्रमुख सड़कों को ब्लॉक किए गए है. हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है.
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक प्रदर्शनकारियों की राजधानी ढाका के मीरपुर, आशुलिया, गाजीपुर और नारायणगंज इलाकों में कानून प्रवर्तन कर्मियों के साथ झड़पें हुईं. खबरों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वैन में आग लगा दी, जबकि पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े, पानी की बौछारें कीं और लाठियां बरसा दी.
#WATCH | Delhi: On Garment workers' protest in Bangladesh, MEA Spokesperson Randhir Jaiswal says, "We continue to follow these developments." - ANI (@ANI) November 3, 2026
BGME का आंकड़ा
बांग्लादेश गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन (BGME) के अनुसार, विरोध प्रदर्शनों के कारण ढाका, गाजीपुर और मध्य मयमनसिंह में रजिस्ट्रेड लगभग 4, 000 कपड़ा कारखानों में से 670 को बंद करना पड़ा है. मजदूरों की मांग है कि न्यूनतम मासिक वेतन मौजूदा 12, 500 रुपये से बढ़ाकर 30, 000 किया जाए. BGME के अनुसार, बांग्लादेश के कपड़ा उद्योग में 40 लाख से अधिक मजदूर काम करते हैं. यह देश की निर्यात आय का एक प्रमुख स्रोत है. चीन के बाद बांग्लादेश दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा परिधान निर्यातक देश है.
गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद का आरोप
गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने आरोप लगाया कि अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की फिलहाल भंग हो चुकी अवामी लीग पार्टी से जुड़े कुछ कपड़ा कारखानों के मालिक भी अशांति भड़काने में भूमिका निभा रहे हैं.
अहमद ने अपने कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘ अवामी लीग की राजनीति से जुड़े कारखाना मालिक भी अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. पूर्व सांसद भी इसमें शामिल हैं.''गाजीपुर के उपायुक्त मोहम्मद नुरुल करीम भुइयां ने कहा कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए औद्योगिक क्षेत्र में ‘ बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश' (BGB) के जवानों की 10 टुकड़ियां तैनात की गई हैं.

