'यह शक्ति प्रदर्शन का समय नहीं', DDTA की राहुल को चिट्ठी, 1 नवंबर की रैली स्थगित करने की मांग

'यह शक्ति प्रदर्शन का समय नहीं', DDTA की राहुल को चिट्ठी, 1 नवंबर की रैली स्थगित करने की मांग

दिल्ली ड्रग ट्रेडर्स एसोसिएशन (DDTA) ने शुक्रवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से 1 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस की रैली स्थगित करने की अपील की है. एसोसिएशन ने यह अपील मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम स्थगित किए जाने के बाद की है. डीडीटीए के सचिव आशीष ग्रोवर ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर दिल्ली के व्यापारिक समुदाय की चिंताओं और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए रैली पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया.

लेटर में आशीष ग्रोवर ने लिखा, 'जिस तरह कुछ परिस्थितियों के कारण आज आयोजित होने वाले मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम को स्थगित किया गया है, उसी तरह मैं आपसे 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित रैली को भी स्थगित करने का अनुरोध करता हूं.' DDTA ने लोकतंत्र में संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान और उनकी गरिमा बनाए रखने पर जोर दिया. पत्र में कहा गया कि संसद, न्यायपालिका और अन्य संवैधानिक संस्थाओं का लोकतंत्र में अपना विशेष महत्व और सम्मान है. 

व्यापारिक गतिविधियों को लेकर चिंता जताई

पत्र के अनुसार, जब कोई मामला पहले से ही न्यायिक विचाराधीन है और संबंधित पक्षों ने सुप्रीम कोर्ट के समक्ष अपने जवाब और हलफनामे दाखिल कर दिए हैं तो राजनीतिक टकराव और सार्वजनिक शक्ति प्रदर्शन के बजाय न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा जताना अधिक जिम्मेदार कदम होगा. डीडीटीए ने दिल्ली में लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शनों, धरनों और रैलियों के कारण व्यापारिक गतिविधियों, यातायात और आम लोगों की सुविधा पर पड़ने वाले असर को लेकर भी चिंता जताई. 

एसोसिएशन ने कहा कि दिल्ली के व्यापारिक समुदाय ने लगातार हो रहे प्रदर्शनों और रैलियों से कारोबार, यातायात व्यवस्था, सार्वजनिक सुविधाओं और लाखों लोगों की आजीविका पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है. इसमें कहा गया कि व्यापारी, दुकानदार, रेहड़ी-पटरी लगाने वाले, छोटे कारोबारी और दिहाड़ी मजदूर पहले ही काफी आर्थिक नुकसान झेल चुके हैं. ऐसे में त्योहारों और शादी के महत्वपूर्ण सीजन के दौरान व्यापारिक गतिविधियों में बाधा आने से स्थिति और खराब हो सकती है.

DDTA ने 1 नवंबर की रैली स्थगित करने की मांग

एसोसिएशन ने शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लोकतांत्रिक अधिकार बताया, लेकिन साथ ही कहा कि राजनीतिक कार्यक्रमों की वजह से आम जनता को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए और न ही शहर की अर्थव्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ना चाहिए. मॉक पार्लियामेंट कार्यक्रम स्थगित किए जाने का उदाहरण देते हुए आशीष ग्रोवर ने राहुल गांधी से भी इसी तरह की जिम्मेदारी दिखाने और 1 नवंबर की रैली टालने की अपील की. 

पत्र के अंत में कहा गया, 'यह राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का समय नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने, संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करने और राजनीतिक हितों से ऊपर दिल्ली के लाखों नागरिकों और व्यापारियों के हितों को रखने का अवसर है. मुझे उम्मीद है कि आप दिल्ली के व्यापार, रोजगार और जनजीवन के व्यापक हित में इस अपील पर सकारात्मक विचार करेंगे और रैली स्थगित करने की घोषणा करेंगे.'

abplive.com पर पूरी खबर पढ़ें

सुझाई गई

सामान्य

November 2026 Vrat Tyohar List: अहोई अष्टमी, दिवाली से लेकर देव दीपावली तक नवंबर में मनाए जाएंगे ये व्रत-त्योहार, नोट करें पूरी लिस्ट

सामान्य

Aaj ka Panchang 31 October 2026: पूर्व दिशा में यात्रा करने से बचें, नोट करें शुभ मुहूर्त, राहुकाल और पूरा पंचांग

सामान्य

मद्रास हाईकोर्ट का सौरव दास को नोटिस: नागरिकता और पहचान की जांच की मांग; क्या बंद होंगे सोशल मीडिया खाते?

'यह शक्ति प्रदर्शन का समय नहीं', DDTA की राहुल को चिट्ठी, 1 नवंबर की रैली स्थगित करने की मांग | BlinkNews