चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और कथित 'वोट चोरी' को लेकर केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच टकराव तेज हो गया है. CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया ब्लॉक आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर मॉक पार्लियामेंट का आयोजन कर रहा है. जहां वह मुख्य चुनाव आयुक्त पर महाभियोग चलाने की मांग करेगा. कांग्रेस का आरोप है कि मुख्य चुनाव आयुक्त निष्पक्षता से काम नहीं कर रहे हैं. उधर, बीजेपी ने कांग्रेस के 'जन महाभियोग' कार्यक्रम को लोकतंत्र का मजाक और राजनीतिक नौटंकी करार दिया है.
कांग्रेस शरूर ने कहा, CEC के खिलाफ इंडिया गठबंधन जन महाभियोग कार्यक्रम यह दिखाने के लिए आयोजित कर रहा है कि मुख्य चुनाव आयुक्त अब बिना भेदभाव के निष्पक्ष होकर चुनाव कराने के लायक नहीं रहे हैं. उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस या किसी अन्य विपक्षी दल के महाभियोग के नोटिस को लोकसभा या राज्यसभा में स्वीकार नहीं किया गया है.
थरूर बोले- हमारे पास और कोई विकल्प नहीं
कांग्रेस सांसद ने कहा कि हमारे पास इस महाभियोग कार्यक्रम को बाहर आयोजित करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है. उन्होंने आगे कहा कि अगर गृह मंत्री राज्यसभा के पीठासीन अधिकारी और लोकसभा अध्यक्ष को महाभियोग नोटिस स्वीकार करने की सलाह दे दें तो हम इसे संसद में करेंगे.' इंडिया ब्लॉक की रैली को लेकर उन्होंने कहा कि हमे रैली की परमिशन मिल गई है और हम एक 'महारैली' की उम्मीद कर रहे हैं. पूरे देश से लोग वहां आ रहे हैं.
बीजेपी ने साधा निशाना
खरगे के आवास पर होने वाले इंडिया ब्लॉक के 'जन महाभियोग' कार्यक्रम को लेकर भाजपा ने तंज कसा और इस कार्यक्रम को लोकतंत्र का मजाक और राजनीतिक नौटंकी करार दिया है. बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भारत में लगातार अराजकता फैलाने में असफल रहने के बाद कांग्रेस पार्टी केवल अपने 'शहज़ादे' राहुल गांधी की संतुष्टि के लिए और उनके मन को बहलाने के लिए अब एक मॉक पार्लियामेंट बनाकर यह भ्रम पैदा कर रही है कि वे अपनी पसंद से संसद में हैं.
उन्होंने आगे कहा, ' कांग्रेस पार्टी की बदकिस्मती से उनकी इस 'मॉक पार्लियामेंट' का अब सीमा पार से भी मज़ाक उड़ रहा है, क्योंकि वर्ल्ड बैंक की 2025 की रिपोर्ट में 2012 से 2023 के बीच भारत की 27. 6% आबादी को अत्यधिक गरीबी से बाहर निकालने के लिए भारत की सराहना की गई है. रिपोर्ट के मुताबिक अब अत्यधिक गरीबी रेखा के नीचे रहने वाले लोग महज 2. 6% रह गए हैं.'
क्या है कांग्रेस का प्रोग्राम?
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर इंडिया गठबंधन मॉक संसद कार्यक्रम कर रहा है, इसे विपक्ष ने 'जन महाभियोग' नाम दिया है. आयोजन के जरिए विपक्ष कथित ‘ वोट चोरी' और SIR को लेकर अपनी आपत्तियां उठाएगा. यहां सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ खरगे प्रस्ताव पेश करेंगे. कार्यक्रम में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई नेता पहुंचे हैं. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी कार्यक्रम के आखिरी में बोलेंगे.

