गृह मंत्री अमित शाह ने एमएलसी चुनाव परिणाम पर राहुल गांधी पर चुटकी ली है. शाह ने एक्स पर पोस्ट किया, जिसके कैप्शन में लिखा है कि बैलेट बॉक्स इस्तीफा दो. शाह ने एक राहुल गांधी जैसे दिखने वाले शख्स की तस्वीर शेयर की है.
इस पोस्टर में 0 को कोट अनकोट किया गया है. साथ ही लिखा है कि 28 में से कितनी सीटें जीती... एमएलसी इलेक्शन रिजल्ट, कांग्रेस 0. बैलेट बॉक्स इस्तीफा दो. हैरानी जताते हुए एक बैलेट बॉक्स का कार्टून भी इस पोस्टर इमेज में है.
कांग्रेस ने 28 में से कितनी सीटें जीती…"0" Ballot Box इस्तीफ़ा दो... - Amit Shah (@AmitShah) October 28, 2026
इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने भी कांग्रेस पर तंज कसते हुए, पूछा था कि 'बैलेट पेपर से चुनाव हुए, अंदाजा लगाइए कांग्रेस ने कितनी सीटें जीती?'
बीजेपी के कई दिग्गज नेताओं ने कांग्रेस को इस चुनावी रिजल्ट पर आड़े हाथों लिया है. इधर, कांग्रेस की तरफ से पवन खेड़ा ने कहा है कि पीएम मोदी आगे होने वाले सभी लोकसभा और आगामी विधानसभा चुनाव बैलेट पेपर से कराने का वादा करें.
एमएलसी चुनाव के स्पष्ट नतीजे?
इधर, 28 अक्टूबर को आए एमएलसी के यूपी, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र की कुल 28 सीटों पर कांग्रेस खाता भी नहीं खोल सकी है. यूपी की 11 सीटों में से बीजेपी को 6, सपा को 5 सीटें मिली हैं. कर्नाटक की सभी 4 सीटों पर एनडीए ने जीत हासिल की है. महाराष्ट्र में पांच सीटों में से 2 भाजपा और विपक्षी महाविकास आघाड़ी को 2 सीटें मिली हैं. एक पर नतीजों का इंतजार है.
बिहार में बीजेपी-2, आरजेडी-1, जन सुराज-1, निर्दलीय -1, जदयू-1 सीट जीती है. वहीं 2 पर अभी गिनती जारी है.
कड़े मुकाबले से बीजेपी ने जीती गोरखपुर सीट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दबदबे वाली सीट कही जाने वाली गोरखपुर से बीजेपी सिर्फ 307 वोटों से जीती है. ध्रुव त्रिपाठी ने यहां जीत हासिल की है. वे लगातार चौथी बार एमएलसी बने हैं. निर्दलीय राजीव यादव का कहना है कि उन्हें जानबूझकर हराया गया है. एक हजार वोटों की चोरी की गई है.

