जम्मू क्राइम ब्रांच के स्पेशल क्राइम विंग (SCW) ने प्रदेश में अवैध रूप से तय समय से अधिक समय तक रुके पाकिस्तानी मूल के नागरिकों के मामले में अपनी जांच पूरी कर ली है. एजेंसी ने इस मामले में जम्मू, पुंछ, राजौरी और कठुआ जिलों की संबंधित अदालतों में 65 आरोपियों के खिलाफ आठ अलग-अलग मामलों में चार्जशीट दाखिल की है. यह कार्रवाई पुलिस स्टेशन जम्मू क्राइम ब्रांच की FIR संख्या 16/2024 के तहत की गई है.
यह मामला एक विश्वसनीय सूचना के आधार पर दर्ज किया गया था कि कई पाकिस्तानी नागरिक, जिनमें पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के निवासी भी शामिल हैं, जम्मू संभाग के विभिन्न जिलों में अवैध रूप से रह रहे थे. ये सभी 1970 के दशक के अंत और उसके बाद वैध यात्रा दस्तावेजों के साथ भारत आए थे, लेकिन यात्रा का समय खत्म हो जाने के बावजूद वापस नहीं लौटे.
किन-किन धाराओं में दर्ज किए गए मामले? सूचना से यह भी पता चला कि उन्होंने धोखाधड़ी करके भारतीय पहचान दस्तावेज हासिल कर लिए थे और कुछ लोगों ने इन्हीं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी विभागों में नौकरी भी पा ली थी. इसके अनुसार, फॉरेनर्स एक्ट, 1946 और पासपोर्ट (भारत में प्रवेश) एक्ट, 1920 (जिसके साथ पासपोर्ट (भारत में प्रवेश) नियम, 1950 का नियम 6 भी लागू होता है) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. साथ ही, क्राइम ब्रांच मुख्यालय (CHQ) की तरफ से गठित एक विशेष जांच दल (SIT) ने इस मामले की जांच शुरू की. जांच में क्या-क्या हुआ खुलासा? जांच के दौरान, क्राइम ब्रांच ने पाकिस्तान के सिंध, लाहौर, गुजरांवाला, सरगोधा और मीरपुर के साथ पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) के रावलकोट और कोटली से आए कई परिवारों का पता लगाया. ये सभी लोग अखनूर, मेंढर, थन्नामंडी, दरहाल और कठुआ में बस गए थे. जांच में यह साबित हुआ कि उन्होंने अपनी विदेशी नागरिकता छिपाकर भारतीय दस्तावेज हासिल किए थे. इस साजिश में शामिल पाए गए उनके भारतीय जीवनसाथी, परिवार के अन्य सदस्यों और अन्य लोगों के खिलाफ भी चार्जशीट दाखिल की गई है. चार्जशीट फाइल होने से पहले 65 में से 15 लोगों की हो चुकी मौत कुल मिलाकर, 50 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है. वहीं, 15 अन्य लोगों की संलिप्तता को भी रिकॉर्ड में लिया गया है, जिनकी मृत्यु चार्जशीट दाखिल होने से पहले ही हो गई थी. यह मामला अब अदालत में विचाराधीन है. यह भी पढ़ेंः फारूक अब्दुल्ला के विवादित बयान पर कांग्रेस नेता की प्रतिक्रिया- 'इसमें कोई शक नहीं है कि...'

